रांची: राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, नवाडीह गांव के रहने वाले प्रभात महतो और अनिल महतो बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चमघाटी के पास तेज गति से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और दोनों को कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद ट्रक सड़क से नीचे उतर गया और उसका एक पहिया अलग होकर दूर जा गिरा।
सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। सिल्ली डीएसपी अनुज ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।