कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के झंडा चौक में स्थित एक आभूषण दुकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान मालिक अशोक भदानी बाहर से लौटकर दुकान खोलने पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, दुकानदार बीते मंगलवार से दुकान बंद कर जमशेदपुर गए हुए थे। शनिवार को जब वे झुमरीतिलैया लौटे और दुकान का शटर खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और पश्चिमी दीवार में सेंधमारी के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।
लाखों के आभूषण गायब, पुलिस जांच में जुटी
जांच के दौरान पता चला कि दुकान में रखे सभी सोने और चांदी के जेवरात गायब हैं। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, दुकान पिछले चार से पांच दिनों से बंद थी, इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोरी किस दिन हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी हैं।