रांची: झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है।
मंत्री के निधन पर झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर 6 और 7 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राज्य में जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां तिरंगा आधा झुका रहेगा।
7 सितंबर को सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद
राजकीय शोक की अवधि में राज्य में किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा। साथ ही, दिवंगत मंत्री के सम्मान में सोमवार, 7 सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे। सरकार के इस आदेश की प्रतियां राज्य के सभी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी भेज दी गई हैं।