रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कुसई चौक के पास तेज रफ्तार सफेद कार ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और घाघरा के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हादसे के जिम्मेदार कार चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।