रांची: रांची में एक पुलिसकर्मी का अनुशासनहीन व्यवहार सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। वीडियो कॉल पर हथियार दिखाकर धमकी देने के आरोप में एसएसपी राकेश रंजन ने सख्त कदम उठाते हुए आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
यह मामला 24 मार्च 2026 का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी कि संबंधित सिपाही ने उसे वीडियो कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित विशाल सिंह ने इस पूरी घटना की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली, जिसे सबूत के रूप में अधिकारियों को सौंपा गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ पहले भी कई बार इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना और अनुचित व्यवहार की शिकायतें मिल चुकी हैं। अधिकारियों का मानना है कि उसकी आदतन लापरवाही और अनुशासनहीनता से विभाग की छवि को नुकसान पहुंच रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिपाही को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उसे केवल जीवन-यापन भत्ता दिया जाएगा और उसका मुख्यालय पुलिस केंद्र, रांची तय किया गया है।