रांची पुलिस की पहल रंग लाई: एक दिन में 73 शिकायतों का निपटारा, 3 मामलों में तुरंत FIR दर्ज

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस द्वारा मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में विशेष जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। कार्यक्रम की जानकारी पहले से ही प्रेस, सोशल मीडिया और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई गई थी, जिससे जरूरतमंद नागरिक सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकें। इस दौरान SSP राकेश रंजन सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अलग-अलग थानों में मौजूद रहे और लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की। जिलेभर के थानों में कुल 119 आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 73 मामलों का उसी दिन निष्पादन कर दिया गया। सुनवाई के दौरान तीन ऐसे मामले भी सामने आए जिन्हें संवेदनशील मानते हुए तत्काल संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने इन मामलों में जांच शुरू कर दी है। वहीं शेष मामलों की भी निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच की जा रही है। रांची पुलिस का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों और पुलिस के बीच भरोसे को मजबूत करना तथा लोगों को समय पर न्याय और सहायता उपलब्ध कराना है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *