रांची: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने MMDR (माइनिंग एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन की ओर से बिल का विरोध जनहित में नहीं, बल्कि अवैध खनन और कोयला चोरी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। ऐसे में कानून में सुधार से जुड़े प्रावधानों का विरोध करने के पीछे गठबंधन की मंशा पर सवाल उठते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के प्राकृतिक संसाधन राष्ट्र की संपत्ति हैं और इनके संरक्षण के साथ-साथ इनके इस्तेमाल में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के हर सुधारात्मक कदम का राजनीतिक कारणों से विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और कोयला चोरी पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है और केंद्र सरकार इस दिशा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।