Ranchi: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन सदन के अंदर मुख्यमंत्री ने जेपीएससी अभ्यर्थियों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के लिए उम्र सीमा निर्धारित करने की कटऑफ डेट में संशोधन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने सदन में जानकारी दी कि पहले उम्र सीमा की कटऑफ तिथि 1 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब संशोधित कर अगस्त 2022 कर दिया गया है। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो पिछली कटऑफ तिथि के कारण पात्रता से बाहर हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है और अभ्यर्थियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सरकार चाहती है कि योग्य उम्मीदवारों को किसी तकनीकी कारण से अवसर से वंचित न होना पड़े।
गौरतलब है कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा को लेकर उम्र सीमा और कटऑफ तिथि को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस और असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। इस घोषणा के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।
सरकार के इस फैसले को युवाओं के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग द्वारा जारी होने वाली अगली आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी हैं, जिसमें संशोधित कटऑफ तिथि से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।