इंडिया गठबंधन ने दिखाई ताकत, राज्यसभा के दोनों उम्मीदवार मैदान में

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही सियासी चर्चाओं और अटकलों के बीच रविवार को तस्वीर लगभग साफ हो गई। इंडिया गठबंधन ने एकजुटता का संदेश देते हुए अपने दोनों प्रत्याशियों के नामांकन की तैयारी पूरी कर ली है। गठबंधन की ओर से झामुमो के बैजनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे।

उम्मीदवारों के चयन को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि गठबंधन के शीर्ष नेताओं के बीच हुई बातचीत और बैठकों के बाद सभी सहयोगी दल एक मंच पर नजर आए। इससे यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर रहा है।

सोमवार को नामांकन के दौरान गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की मौजूदगी रहने की संभावना है। इसे सिर्फ नामांकन नहीं बल्कि शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। राज्यसभा चुनाव में संख्या बल को देखते हुए गठबंधन अपने दोनों उम्मीदवारों की जीत को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रहा है।

वहीं, चुनावी मैदान में अन्य दावेदारों की सक्रियता ने मुकाबले को दिलचस्प जरूर बना दिया है, लेकिन फिलहाल इंडिया गठबंधन का फोकस अपने विधायकों को एकजुट रखते हुए जीत सुनिश्चित करने पर है। ऐसे में सोमवार का दिन झारखंड की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *