रांची: झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर दिखने लगा है। बुधवार सुबह राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं, बारिश और मेघ गर्जन के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं मौसम में ठंडक भी बढ़ गई है। रांची में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। वहीं, हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह और बोकारो समेत कई जिलों में भी चक्रवात का प्रभाव देखने को मिल रहा है। इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की खबर है।
मौसम विभाग की सलाह, लापरवाही पड़ सकती है भारी
मौसम में आए बदलाव को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और गीली सड़कों के कारण वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
किसानों को भी सतर्क रहने की जरूरत
लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों को अपनी कटी हुई फसल और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। मौसम का यह बदलाव खेती-किसानी और आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और जरूरी एहतियात बरतने की जरूरत है।