रांची/धनबाद: डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो पर बरवड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज के आरोपों को लेकर पुलिस संगठनों का विरोध तेज होता जा रहा है। मामले में अब झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने भी झारखंड पुलिस एसोसिएशन के आंदोलन को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कर्ण कुमार सिंह और महामंत्री रमेश उरांव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना पर नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी करते हैं। ऐसे में उनके साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किए जाने से पुलिसकर्मियों के मनोबल पर असर पड़ता है।
एसोसिएशन का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से कानून और संवैधानिक व्यवस्था के सम्मान की अपेक्षा की जाती है। पुलिस अधिकारियों और जवानों के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जरूरत पड़ी तो होगा चरणबद्ध आंदोलन
झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में न्याय की मांग को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के साथ खड़ा है। संगठन ने कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है। फिलहाल जयराम महतो प्रकरण को लेकर पुलिस संगठनों के तेवर सख्त नजर आ रहे हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में विरोध और तेज होने की संभावना है।