बोकारो: जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। बोकारो के एक प्रमुख लोहा व्यवसायी रितेश सिंह से फोन कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर व्यवसायी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में कारोबारी ने सोमवार को बोकारो सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक रितेश सिंह के मोबाइल पर आए एक धमकी भरे कॉल में कॉल करने वाले ने अपना नाम प्रकाश शुक्ला बताया। उसने दावा किया कि वह कुख्यात अमन साहू और राहुल दुबे गैंग से जुड़ा हुआ है। फोन पर अपराधी ने यह भी कहा कि उसे व्यवसायी की दिनचर्या और उनकी गतिविधियों की पूरी जानकारी है, यहां तक कि वह किस रंग की गाड़ी में चलते हैं।
अपराधी ने धमकी देते हुए कहा कि यदि पांच करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो व्यवसायी या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। साथ ही उनकी गाड़ी को खून से लाल कर देने की धमकी भी दी गई।
धमकी मिलने के बाद व्यवसायी और उनका परिवार काफी दहशत में है। हालांकि रितेश सिंह ने बिना देर किए बोकारो सिटी थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।
अपने आवेदन में उन्होंने आशंका जताई है कि अपराधियों ने उनके ठिकानों की रेकी भी की है, जिससे उनके और उनके परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और कॉल डिटेल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।