Palamu: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही-अंदाग गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक भाई ने गुस्से में आकर अपने ही सगे भाई की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, ठेकही-अंदाग निवासी पिंटू भुईयां और उसके भाई सीटू भुईयां के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर सीटू भुईयां ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पिंटू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिंटू भुईयां की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।
इधर, सूचना पाकर पांकी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।