बोकारो: जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कई दिनों से लापता एक महिला का शव शनिवार को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र स्थित जमनिया नदी में बोरे में बंद हालत में तैरता हुआ बरामद किया गया। मृतका की पहचान बेबी देवी के रूप में हुई है, जो चास थाना क्षेत्र के यदुवंश नगर की निवासी थीं।
बताया जा रहा है कि महिला के पति ने पहले ही चास थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच परिजनों को एक संदिग्ध फोन कॉल भी मिला था, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है और कॉल डिटेल समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।