रांची: भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बाबा बागेश्वर की कथित टिप्पणी के बाद धार्मिक और सामाजिक स्तर पर विरोध तेज होता दिखाई दे रहा है। इस विवाद की गूंज अब झारखंड की राजधानी रांची तक पहुंच गई है। गुरुवार को राजद नेता कैलाश यादव सहित विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हटिया डीएसपी कार्यालय पहुंचकर बाबा बागेश्वर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कानूनी कार्रवाई के साथ गिरफ्तारी की मांग उठाई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे में धार्मिक महापुरुषों को लेकर की गई किसी भी कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
मौके पर राजद नेता कैलाश यादव ने आरोप लगाया कि बाबा बागेश्वर अपने बयानों के माध्यम से समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच भेदभाव दिखाने की कोशिश को सनातनी समाज स्वीकार नहीं करेगा। जब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध और आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस ने क्या कहा?
वहीं, शिकायत मिलने के बाद हटिया डीएसपी ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही। डीएसपी के अनुसार, कैलाश यादव की ओर से एक सीडी उपलब्ध कराई गई है, जिसमें कथित बयान से जुड़े साक्ष्य होने की बात कही गई है। पुलिस पहले सीडी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और 356 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल इस पूरे विवाद में पुलिस की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना होगा कि उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस क्या कदम उठाती है।