पलामू: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पलामू प्रमंडलीय ACB की टीम ने होमगार्ड कार्यालय में तैनात एक मुंशी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साकेश कुजूर उर्फ सकेंद्र के रूप में हुई है। उस पर होमगार्ड जवान को ड्यूटी के लिए कमान देने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, एक होमगार्ड जवान ने पलामू ACB से शिकायत की थी कि ड्यूटी के लिए कमान लेने के सिलसिले में जब वह संबंधित अधिकारी के पास पहुंचा, तो उसे कार्यालय के मुंशी सकेंद्र और तुलसी से मिलने को कहा गया। इसके बाद दोनों पर कमान दिलाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगा। जवान को बताया गया कि यह राशि अधिकारी के निर्देश पर मांगी जा रही है।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत मांगने से परेशान होमगार्ड जवान ने पूरे मामले की शिकायत ACB से की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई और कार्रवाई करते हुए आरोपी मुंशी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से होमगार्ड कार्यालय में हड़कंप मच गया है। फिलहाल ACB की टीम मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।