हजारीबाग: बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स में हाईकोर्ट की 28 वर्षीय महिला वकील अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस की मृत्यु-समीक्षा रिपोर्ट (इंक्वेस्ट) और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SBMCH) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण के साथ-साथ शरीर पर चोट के निशान भी दर्ज किए गए हैं।
फ्लैट में दुपट्टे से लटका मिला था शव
पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, घटना 22 अक्टूबर 2026 की है। दोपहर करीब 12:30 बजे बड़ा बाजार थाना पुलिस को सूचना मिली कि गुप्ता कॉम्प्लेक्स के कमरा नंबर 304 में एक महिला का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ है। सूचना पर एसआई गौतम उरांव और महिला आरक्षी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका की पहचान 28 वर्षीय अनुष्का चक्रवर्ती के रूप में हुई। पुलिस की मृत्यु-समीक्षा रिपोर्ट में उनकी लंबाई करीब पांच फीट दो इंच बताई गई है। उनके दाहिने हाथ पर टैटू भी दर्ज किया गया है। घटना के समय उन्होंने काले रंग की टी-शर्ट और काला ट्राउजर पहन रखा था। शव को लटकाने के लिए क्रीम रंग के प्रिंटेड दुपट्टे का इस्तेमाल किया गया था।
पोस्टमार्टम में फंदे का निशान और चोट दर्ज
23 अक्टूबर 2026 को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत का कारण फांसी के चलते दम घुटना बताया है। मृतका के गले के ऊपरी हिस्से में करीब 1.5 से 2 सेंटीमीटर चौड़ा तिरछा लिगेचर मार्क यानी फंदे का निशान पाया गया, जिसे मृत्यु से पहले का बताया गया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक अन्य महत्वपूर्ण बात भी सामने आई है। मृतका के बाएं पैर के ऊपरी बाहरी हिस्से पर भूरे रंग का चोट का निशान दर्ज किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, यह चोट मृत्यु से पहले किसी कठोर और कुंद वस्तु से लगी थी।
मौत से 6 से 24 घंटे पहले का अनुमान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का अनुमानित समय जांच के दौरान शव परीक्षण से करीब 6 से 24 घंटे पहले का बताया गया है। फिलहाल इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के निष्कर्ष और शरीर पर मिले चोट के निशान जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। मौत की परिस्थितियों और चोट के कारणों को लेकर पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।