रांची/जमशेदपुर: झारखंड के दो बड़े सरकारी अस्पतालों रिम्स (रांची) और एमजीएम (जमशेदपुर) में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे होमगार्ड जवानों के सामने रोजगार का संकट खड़ा होता नजर आ रहा है। अस्पतालों में तैनात जवानों की ड्यूटी समाप्त किए जाने की प्रक्रिया को लेकर झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि वर्षों से अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे जवानों को अचानक ड्यूटी से हटाने का फैसला उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है। संगठन ने मांग की है कि जब तक पूरे मामले की समीक्षा नहीं हो जाती, तब तक जवानों को हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
2021 के सरकारी आदेश को बनाया आधार
होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में वर्ष 2021 के सरकारी निर्णय का उल्लेख किया है। संगठन के मुताबिक, होमगार्ड जवानों के आंदोलन के बाद सरकार ने उनके रोजगार की सुरक्षा को लेकर पहल की थी। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 12 अप्रैल और 27 अगस्त 2021 को जारी पत्रों में सरकारी विभागों और संस्थानों में सुरक्षा कार्यों के लिए होमगार्ड जवानों की सेवाएं लेने की व्यवस्था की गई थी।
ड्यूटी खत्म हुई तो परिवारों पर पड़ेगा सीधा असर
एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि रिम्स और एमजीएम से जवानों को हटाए जाने पर सैकड़ों परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो सकती है। जवानों को मिलने वाला मानदेय ही उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख सहारा है। ऐसे में रोजगार छिनने से बच्चों की पढ़ाई, परिवार के सदस्यों का इलाज और रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
संगठन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वर्ष 2021 के सरकारी आदेशों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की समीक्षा कराने और रिम्स व एमजीएम में तैनात होमगार्ड जवानों की सेवा जारी रखने की मांग की है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि जवानों के हितों और उनके परिवारों की आजीविका को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री और राज्य सरकार इस मांग पर क्या निर्णय लेती है। फिलहाल, रिम्स और एमजीएम में तैनात होमगार्ड जवानों के बीच अपनी ड्यूटी और रोजगार को लेकर चिंता बनी हुई है।