रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मुरी ओपी क्षेत्र में करीब 17 वर्षीय किशोरी का शव झाड़ियों से मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना 18 अक्टूबर की बताई जा रही है। परिजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस को प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने का संदेह है। हालांकि, दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घर से निकली किशोरी, कुछ देर बाद खून से लथपथ लौटा बच्चा
जानकारी के अनुसार, किशोरी अपने सात वर्षीय चचेरे भाई के साथ घर से निकली थी। कुछ समय बाद बच्चा खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने किशोरी की तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान गांव के बाहर झाड़ियों में किशोरी का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। फिलहाल, घटना के पीछे की वजह और दुष्कर्म की आशंका को लेकर जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
देवेंद्र नाथ महतो ने की SIT जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग
घटना को लेकर JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।इसके अलावा उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, उचित मुआवजा उपलब्ध कराने और निःशुल्क कानूनी सहायता सुनिश्चित करने की अपील की है। देवेंद्र नाथ महतो ने चेतावनी दी कि यदि न्याय की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो जनआंदोलन किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी।