रांची: आगामी दुर्गापूजा के सफल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान पूजा समितियों ने पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में दुर्गापूजा मनाने की अपील की।
उन्होंने मूर्ति विसर्जन के दौरान संबंधित थाना के साथ समन्वय बनाए रखने, निर्धारित ध्वनि मानकों और नियमों का पालन करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था एवं आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। मुलाकात के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।