रांची में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज टी-20, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन की हाईलेवल बैठक

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, धुर्वा में 9 अक्टूबर 2026 को होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज के दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में मैच के दौरान संभावित भारी भीड़, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने निर्देश दिया कि मैच के दिन स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी जाए। दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास जमा नहीं होने दिया जाएगा। इससे भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

निर्धारित गेट से ही होगी एंट्री

दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लगें। साथ ही, किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को स्टेडियम के अंदर नहीं ले जाने की हिदायत दी गई है।

ट्रैफिक और पार्किंग पर भी विशेष फोकस

मैच को लेकर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। प्रशासन ने दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है।बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। बैठक में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण समेत जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *