रांची/ओरमांझी: रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंदर अचानक शराब की दुकान में घुस गया और वहां रखी शराब पीने लगा। बंदर को शराब पीते देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद बंदर ने दुकान में जमकर उत्पात मचाया। इसी दौरान उसने एक व्यक्ति को नोचकर घायल कर दिया। घटना के बाद दुकान में मौजूद लोग बंदर से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
बंदर के इस अजीबोगरीब हरकत का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें वह शराब की बोतल के पास नजर आ रहा है। घटना को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल बंदर दुकान में कैसे पहुंचा और उसे वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया या नहीं, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।