सिमडेगा: झारखंड की पूर्व मंत्री और सिमडेगा की पूर्व विधायक विमला प्रधान का रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बगडांड गांव स्थित पालामाड़ा नदी तट पर उनके पार्थिव शरीर के पहुंचते ही पुलिस जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विमला प्रधान का शुक्रवार की रात रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद सिमडेगा समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। राज्य सरकार ने उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराने का निर्देश दिया था। इसी के तहत जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पालामाड़ा नदी तट पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था पूरी की।

राजकीय सम्मान के दौरान पुलिस कमांडर के नेतृत्व में 21 जवानों ने विमला प्रधान को अंतिम सलामी दी। जवानों ने 5 राउंड फायरिंग कर उन्हें राजकीय सम्मान प्रदान किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। अंतिम संस्कार के दौरान सिमडेगा के डीसी और एसपी समेत प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समर्थक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने दिवंगत पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। राजकीय सम्मान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। विमला प्रधान के बड़े पुत्र मनीष मणिकांत प्रधान ने मुखाग्नि दी। परिजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से पूर्व मंत्री को अंतिम विदाई दी।