रांची: अरगोड़ा थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से चाकू के बल पर लूटपाट कर रहे अपराधियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर कार्रवाई के दौरान दारोगा घायल हो गए। घटना हरमू बिजली ऑफिस के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अपराधी ट्रक चालक को चाकू दिखाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहे थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर अरगोड़ा थाना के SI मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की। कार्रवाई के दौरान दारोगा घायल हो गए और उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया। घायल होने के बावजूद SI मुकेश कुमार ने हिम्मत नहीं छोड़ी और पुलिस टीम के साथ मिलकर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल दारोगा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।