रांची: झारखंड की पूर्व मंत्री और सिमडेगा की पूर्व विधायक विमला प्रधान के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के लोअर करमटोली स्थित उनके आवास पहुंचकर दिवंगत विमला प्रधान को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विमला प्रधान का निधन बेहद पीड़ादायक है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने सिमडेगा समेत पूरे झारखंड के विकास में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई। हेमंत सोरेन ने कहा कि विमला प्रधान के निधन से झारखंड ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि को खो दिया है। उनका जाना राज्य के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए बड़ी क्षति है। वह समाज के हर वर्ग और समुदाय के कल्याण के लिए लगातार काम करने वाली सजग और समर्पित नेता थीं।

बता दें कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।