रांची: झारखंड की पूर्व पर्यटन मंत्री और सिमडेगा की पूर्व विधायक विमला प्रधान का शुक्रवार रात करीब 8:40 बजे रांची के शैंफर्ड अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से लिवर कैंसर से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही सिमडेगा सहित पूरे झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
विमला प्रधान वर्ष 2009 से 2019 तक सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र की विधायक रहीं। अपने राजनीतिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने झारखंड सरकार में सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास तथा पर्यटन विभाग की मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। जनप्रतिनिधि के तौर पर उन्होंने क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में उठाया और विकास से जुड़े मामलों को प्रमुखता से रखा। उनके निधन को सिमडेगा के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
पूर्व मंत्री के निधन पर भाजपा के प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।