रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारत के कोलकाता स्थित ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने और आपसी हित वाले क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। शिक्षा, खनिज, स्किल डेवलपमेंट, निवेश, संस्कृति, खेल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री और ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल के बीच झारखंड की क्षमताओं तथा ऑस्ट्रेलिया के साथ संभावित साझेदारी को लेकर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल, कोलकाता की वरिष्ठ अनुसंधान एवं भ्रमण अधिकारी एंजेलीना नायर भी मौजूद रहीं।