रांची: देशभर के साथ झारखंड में भी बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी स्टेट बैंक के समीप एकजुट हुए और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों के हाथों में मांगों से जुड़ी तख्तियां नजर आईं। बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था यानी 5-Day Banking लागू करना शामिल है। इसके साथ ही Performance Linked Incentive (PLI) की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव और उस पर पुनर्विचार करने की मांग भी उठाई जा रही है।
लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर कर्मचारी धरना-प्रदर्शन कर सरकार और बैंक प्रबंधन तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
रांची में स्टेट बैंक के पास प्रदर्शन के अलावा अलग-अलग बैंक शाखाओं के बाहर भी कर्मचारियों की ओर से विरोध जताया जा रहा है। हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना है।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
बैंक कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कर्मचारियों के मुताबिक आगे तीन दिवसीय आंदोलन किया जाएगा और इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।