रांची: झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र की शुरुआत 6 अगस्त 2026 से होने जा रही है। इससे पहले सत्र को शांतिपूर्ण, सुचारू और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने की, जबकि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी इसमें शामिल हुए।
बैठक के दौरान आगामी मॉनसून सत्र की कार्यवाही को लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही में सकारात्मक भूमिका निभाने और जनहित के मुद्दों पर स्वस्थ चर्चा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने विधानसभा की गरिमा बनाए रखते हुए मॉनसून सत्र के सफल संचालन के लिए सहयोग का भरोसा जताया।