रांची: मानसून के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का क्षेत्रीय कार्यालय, रांची पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुटूपालू, चरही, धनुआ घाटी और घाटशिला जैसे संवेदनशील मार्गों पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष निगरानी और अनुरक्षण कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

घाटी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और हाई-मास्ट लाइट पर विशेष निगरानी
NHAI की ओर से घाटी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और हाई-मास्ट लाइटों की कार्यशीलता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अनुरक्षण एजेंसियों की टीमें नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं ताकि रात के समय यात्रियों को पर्याप्त रोशनी मिल सके। खराब या बंद लाइटों की पहचान कर उनका तत्काल रखरखाव और मरम्मत भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
सड़क सुरक्षा ढांचे का नियमित निरीक्षण
सिर्फ प्रकाश व्यवस्था ही नहीं, बल्कि जल निकासी प्रणाली, सड़क संकेतक, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टिव मार्किंग और अन्य सुरक्षा अवसंरचना की भी नियमित जांच की जा रही है। सभी परियोजना इकाइयों और अनुरक्षण टीमों को 24×7 अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर यातायात को सुचारु बनाए रखा जा सके।
‘सड़क सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता’ – संतोष कुमार आर्य
NHAI, रांची के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से घाटी क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था, नियमित निरीक्षण और त्वरित अनुरक्षण कार्यों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों को दिन और रात दोनों समय सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
NHAI ने वाहन चालकों से अपील की है कि घाटी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सड़क संकेतों और सूचना पट्टों का पालन करें, आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें और भारी बारिश, कम दृश्यता या फिसलन की स्थिति में निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं।
मानसून में निर्बाध यात्रा के लिए पूरी तैयारी
NHAI ने स्पष्ट किया है कि मानसून के पूरे मौसम में राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी, अनुरक्षण और त्वरित रखरखाव का अभियान लगातार जारी रहेगा।