खराब सड़क बनी हादसे की वजह, चतरा में हाइवा की चपेट में आया बाइक सवार

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

चतरा: शहर के बस स्टैंड के पास जर्जर सड़क एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गई। मंगलवार को सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने एक बाइक सवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक गड्ढे में उछलने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। उसी समय चतरा से सिमरिया की ओर जा रहा कोयला और फ्लाई ऐश (राख) से लदा हाइवा वहां से गुजर रहा था। गिरते ही हाइवा का पहिया युवक के बाएं हाथ पर चढ़ गया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।

घायल की पहचान दिभा मोहल्ला निवासी शिवदयाल शर्मा के रूप में हुई है। हादसे में उनके बाएं हाथ को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।

इधर, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बस स्टैंड के आसपास लंबे समय से सड़क बदहाल है और कई जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और ऐसे हादसों पर रोक लगाने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *