रांची: झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए अप्रैल, मई और जून माह की बकाया राशि एक साथ उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी है। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी महिला को तीन महीने की कुल ₹7,500 (₹2,500 प्रति माह) की आर्थिक सहायता मिली है।

रांची, गढ़वा, धनबाद समेत राज्य के कई जिलों की महिलाओं के खातों में यह राशि जमा होने लगी है। भुगतान मिलने के बाद लाभार्थियों में खुशी का माहौल है। सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र महिलाओं के खातों में राशि भेज रही है।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। सरकार का कहना है कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
योजना का लाभ 21 से 50 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को दिया जाता है। हालांकि, आयकरदाता परिवारों की महिलाएं तथा जिनके परिवार का कोई सदस्य वर्तमान या पूर्व सांसद या विधायक रहा हो, वे इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र नहीं हैं।
सरकार ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी समय-समय पर अपडेट रखें, ताकि योजना की आगामी किस्तें बिना किसी परेशानी के सीधे उनके खाते में पहुंच सकें।