रामगढ़: जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर दत्तो इलाके में छापेमारी के दौरान पुलिस ने लोहार की दुकान और घर की आड़ में संचालित किए जा रहे अवैध हथियार निर्माण के नेटवर्क का खुलासा किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में अर्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन, हथियार बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामान से यह संकेत मिला है कि यहां लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे।
मामले में पुलिस ने एक महिला सहित एक ही परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार हथियारों की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सकता है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।