रांची: जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में राजभवन पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से मांग की कि हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच हो सके। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की गई।
भाजपा नेताओं का कहना था कि यह एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। ऐसे में निष्पक्ष जांच और न्याय की प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है।
राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, दिवंगत हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह तथा शंभुनाथ सिंह भी शामिल थे।