खूंटी: जिले के रनिया थाना क्षेत्र के बांगुरकुलम झोराटोली गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि दो पोतों ने अपनी 69 वर्षीय दादी पुटकी देवी की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कोयल नदी के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
मामले की सूचना मिलने के बाद रनिया थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के दोनों पोतों सोनू झोरा और जतरू झोरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि जिस दादी ने अपने परिवार को संभाला, उसी की हत्या उसके अपने पोतों पर करने का आरोप लगा है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।