रांची: झारखंड के नवनियुक्त महाधिवक्ता रोहिताश्य रॉय ने सोमवार को अपने पद की जिम्मेदारी संभाल ली। पदभार ग्रहण करने के साथ ही वे राज्य के अब तक के सबसे युवा एडवोकेट जनरल बन गए हैं। उनकी नियुक्ति को राज्य के विधिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
महाधिवक्ता के रूप में रोहिताश्य रॉय अब राज्य सरकार के प्रमुख विधिक सलाहकार की भूमिका निभाएंगे। उच्च न्यायालय सहित विभिन्न न्यायिक मंचों पर सरकार का पक्ष रखने की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर होगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि वे संविधान और कानून के दायरे में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी पैरवी और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व महाधिवक्ता के पद छोड़ने के बाद यह पद खाली हो गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने रोहिताश्य रॉय पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा।