राज्यसभा चुनाव से पहले गठबंधन की कवायद तेज, हेमंत सोरेन से मिले भूपेश बघेल

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित होने के कारण सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल अपने-अपने स्तर पर रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के समर्थन को मजबूत करने और चुनावी गणित को साधने के लिए पार्टी नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को रांची भेजा है। रविवार सुबह दोनों नेताओं ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और झामुमो के बीच तालमेल मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इधर, चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए रविवार को झामुमो और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठकों में विधायकों के साथ चुनावी रणनीति, वोट प्रबंधन और गठबंधन की एकजुटता को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने की कोशिश होगी कि मतदान के दौरान किसी प्रकार की क्रॉस वोटिंग की संभावना न बने।

राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार हो रही बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों ने राज्य की सियासत का तापमान बढ़ा दिया है। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाले नामांकन पर टिकी हैं, जिसके बाद चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *