हजारीबाग: जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी जमीन के म्यूटेशन मामले से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चतरा जिले के टंडवा का निवासी बताया जा रहा है। वह बानादाग एनटीपीसी साइडिंग में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, विकास कुमार का आरोप है कि उसकी जमीन से संबंधित म्यूटेशन का मामला पिछले पांच से छह महीने से अंचल कार्यालय में लंबित है। बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं होने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस पदाधिकारियों ने युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत की, लेकिन उसने साफ कहा कि जब तक अंचल अधिकारी स्वयं घटनास्थल पर आकर उससे बात नहीं करेंगे और उसके म्यूटेशन मामले का समाधान नहीं करेंगे, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा।
युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थिति को लेकर लोगों में भी आक्रोश देखा गया और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर भारी भीड़ जमा है और पुलिस-प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने तथा युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटा हुआ है।