रांची: झारखंड विधानसभा सचिवालय में सहायक पद पर कार्यरत महिला कर्मी अंजना तिवारी की मौत के बाद मंगलवार को विधानसभा परिसर में भावुक और तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। अंजना तिवारी की मौत से आक्रोशित विधानसभा कर्मियों ने उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले में न्याय की मांग उठाई।
इस दौरान भाजपा विधायक C. P. Singh भी विधानसभा पहुंचे और अंजना तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा परिसर में मौजूद कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने 2 मिनट का मौन रख उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार, अंजना तिवारी को एक दिन पहले गोल ब्लैडर में स्टोन की शिकायत के बाद रांची के मेन रोड स्थित Santevita Hospital में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने पूरे मामले को लेकर कोतवाली थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अंजना तिवारी की सास ने भावुक होकर कहा कि उनका बेटा पहले ही गुजर चुका है और अब बहू की भी इस तरह मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अंजना की एक छोटी बेटी है, जिसका भविष्य अब अधर में पड़ गया है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
वहीं, विधानसभा कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।