टुंडुल जमीन घोटाला: ACB ने तत्कालीन CO श्वेता वर्मा समेत अन्य पर PE की मांगी अनुमति

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: रांची के नामकुम अंचल स्थित टुंडुल इलाके में जमीन से जुड़े दस्तावेजों में कथित हेरफेर और अवैध म्यूटेशन के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई तेज कर दी है. इस मामले में तत्कालीन अंचल अधिकारी श्वेता वर्मा, तत्कालीन हल्का कर्मचारी दीपक कुमार और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्रीलिमिनरी इंक्वायरी (PE) दर्ज करने के लिए मंत्रिमंडल एवं निगरानी विभाग से औपचारिक अनुमति मांगी गई है.

सूत्रों के अनुसार, ACB फिलहाल जमीन से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है. यदि PE की अनुमति मिल जाती है और जांच में वित्तीय अनियमितता या जमीन घोटाले की पुष्टि होती है, तो एजेंसी प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे गिरफ्तारी की कार्रवाई भी कर सकती है.

यह पूरा मामला झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद सामने आया है. हाईकोर्ट ने नामकुम अंचल में भूमि रिकॉर्ड गायब होने और मूल दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने को गंभीरता से लेते हुए ACB को प्रारंभिक जांच करने का निर्देश दिया था.

दरअसल, टुंडुल क्षेत्र की बहुमूल्य जमीन को लेकर थॉमस साइमन साइरिल हंस नामक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. याचिका में आरोप लगाया गया था कि अंचल कार्यालय भूमि के मूल रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में टालमटोल कर रहा है. सुनवाई के दौरान अदालत ने भी पाया कि संबंधित अधिकारी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने में आनाकानी कर रहे हैं.

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अब ACB पूरे मामले की जांच में जुट गई है. एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं सरकारी रिकॉर्ड गायब करने के पीछे किसी बड़े जमीन घोटाले की साजिश तो नहीं थी.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *