रांची: झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारियों की केंद्रीय स्तर पर भागीदारी बढ़ने जा रही है। राज्य से एक एडीजी रैंक की अधिकारी सहित कुल चार आईपीएस अफसर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाएंगे। 1997 बैच की एडीजी सुमन गुप्ता ने भी केंद्र में सेवा देने के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा एक आईजी और दो डीआईजी स्तर के अधिकारियों को भी झारखंड सरकार ने प्रतिनियुक्ति की मंजूरी दे दी है।
आने वाले समय में एसपी रैंक के कई अधिकारी भी केंद्र में जाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल झारखंड कैडर के 21 आईपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। चार नए अधिकारियों के जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।
वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत अधिकारियों में नवीन कुमार सिंह, बलजीत सिंह, आशीष बत्रा, साकेत कुमार सिंह, कुलदीप द्विवेदी, अभिषेक, अनूप टी मैथ्यू, अनीश गुप्ता, एम तमिल वानन, पी मुरुगन, जया रॉय, शिवानी तिवारी, अखिलेश वॉरियर, अंशुमन कुमार, हरि लाल चौहान, प्रियंका मीणा, सुभाष चंद्र जाट, आर रामकुमार, विनीत कुमार, के विजय शंकर और शुभांशु जैन शामिल हैं।
केंद्रीय सेवा अनुभव हुआ अनिवार्य:
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ पदों पर नियुक्ति के नियमों में बदलाव किया है। अब आईजी जैसे उच्च पदों के लिए एसपी या डीआईजी स्तर पर कम से कम दो साल का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति अनुभव जरूरी होगा। पहले बिना केंद्रीय अनुभव के भी अधिकारी इन पदों के लिए पात्र होते थे, लेकिन अब यह अनिवार्यता लागू कर दी गई है। यह नियम 2011 बैच के आईपीएस अधिकारियों से प्रभावी होगा।