भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी पर बना अहम विक्रमशिला सेतु रविवार देर रात हादसे का शिकार हो गया। रात करीब 1:10 बजे पुल का पिलर नंबर 133 अचानक ढह गया, जिसके साथ ही उस पर टिका भारी स्लैब सीधे गंगा नदी में गिर गया। राहत की बात यह रही कि प्रशासन की सतर्कता के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे से पहले ही पुल पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया था।
घटना की शुरुआत देर रात ही हो गई थी। रात 11:33 बजे पिलर नंबर 133 के धंसने के संकेत मिले। इसके बाद 11:55 बजे तक पिलर खतरनाक रूप से झुक गया, जिसे देखते हुए मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एसएसपी और नवगछिया एसपी को पुल खाली कराने का निर्देश दिया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया।
आखिरकार रात 1:10 बजे पिलर पूरी तरह ढह गया और उससे जुड़ा स्लैब गंगा नदी में समा गया।
इस घटना के बाद विक्रमशिला सेतु पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इसके चलते भागलपुर का संपर्क नवगछिया, पूर्णिया, कटिहार समेत सीमांचल के कई इलाकों से कट गया है। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली अहम कड़ी माना जाता है, इसलिए इसके क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पर बड़ा असर पड़ा है।