बोकारो: जिले के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने पुलिस की गश्ती गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना गोमिया–फुसरो मुख्य मार्ग पर जारंगडीह स्थित ढोरी माता चर्च के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, गोमिया से बारात लौट रही एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर बोकारो थर्मल थाना की गश्ती बोलेरो से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चार लोग घायल हो गए।
घायलों में धनबाद के महूदा निवासी सुरेश कुमार, भरत रजक और धर्मनाथ पासवान शामिल हैं, जिनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, कार चालक बंटी कुमार रजक को हल्की चोटें आई हैं।
इस हादसे में गश्ती दल में तैनात पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार कच्छप, वाहन चालक और अन्य जवान सुरक्षित रहे। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।