झारखंड पुलिस भर्ती को मिली रफ्तार, 9,300 से ज्यादा सिपाहियों की होगी बहाली

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: झारखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका जल्द आने वाला है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में खाली पदों को भरने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है। जल्द ही झारखंड पुलिस में 9,362 सिपाहियों की सीधी नियुक्ति की जाएगी, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय ने सभी रिक्त पदों का ब्योरा और आरक्षण रोस्टर तैयार कर लिया है। अब इस रोस्टर को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। रोस्टर में सभी वर्गों के लिए नियमानुसार पदों का निर्धारण किया गया है, ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।

गृह विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्ताव को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के पास भेजा जाएगा। इसके बाद आयोग द्वारा आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा। उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

इस भर्ती के जरिए जिला पुलिस और विशेष इकाइयों में सिपाहियों की कमी को दूर किया जाएगा, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 4,919 सिपाही पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें 20 जिलों में 3,799 नियमित और 11 जिलों में 1,120 बैकलॉग पद शामिल थे। इसके लिए जनवरी से फरवरी 2024 तक ऑनलाइन आवेदन भी लिए गए थे, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। अब नई नियमावली के तहत इस भर्ती को आगे बढ़ाया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *