रांची: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने VIP और VVIP सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किया है। डीजीपी कार्यालय की ओर से एसपी को भेजे गए पत्र में सुरक्षा में तैनात अंगरक्षकों का पूरा विवरण 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
आईजी अभियान द्वारा जारी इस आदेश को अति-आवश्यक श्रेणी में रखा गया है, जिससे संकेत मिलता है कि मुख्यालय सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने की तैयारी में है। सभी जिलों को तय समय सीमा के भीतर हर हाल में रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मांगी गई जानकारी में सुरक्षा प्राप्त VIP और VVIP व्यक्तियों के नाम, उनके साथ तैनात अंगरक्षकों की संख्या, तैनाती की अवधि, अंगरक्षकों के पास मौजूद हथियारों का विवरण और सुरक्षा देने से संबंधित आधिकारिक आदेश शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय का यह कदम सुरक्षा संसाधनों के बेहतर उपयोग और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।