हजारीबाग: रामनवमी के पावन अवसर पर शहर में निकाली जा रही भव्य झांकियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। जुलूस जहां एक ओर शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ता रहा, वहीं पारंपरिक हथियारों के प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम से रविवार सुबह 10 बजे तक करीब 450 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ये सभी लोग पारंपरिक हथियारों के करतब दिखाने के दौरान चोटिल हुए। घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रिम्स रेफर किया गया है, जबकि 6 से 7 लोगों को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है।
इस हादसे में दो लोगों की जान भी चली गई। मृतकों में एक 20 से 22 वर्षीय युवक शामिल है, जबकि दूसरे व्यक्ति की मौत अस्पताल रेफर करने के दौरान रास्ते में हो गई। दूसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना के बाद सदर अस्पताल में इलाज की विशेष व्यवस्था की गई है। हजारीबाग की डीडीसी खुद अस्पताल में कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही अस्पताल के वरीय डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ पूरी तत्परता के साथ घायलों के इलाज में जुटे हुए हैं।
प्रशासन द्वारा पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।