Chaibasa: चाईबासा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पूर्व नक्सली की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार देर रात गोइलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया गांव में हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।
मृतक की पहचान रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा के रूप में हुई है, जो पहले भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद उसने नक्सली संगठन से दूरी बना ली थी और दोबारा उसमें शामिल होने से इनकार कर दिया था। इसी कारण वह लंबे समय से उग्रवादियों के निशाने पर था।
प्रारंभिक आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते हथियारबंद लोगों ने उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।