हजारीबाग: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा बुधवार को हजारीबाग पहुंचीं और शहर के प्रमुख जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ जिले के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी ने निरीक्षण के दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों का विशेष रूप से जायजा लिया और वहां तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या अव्यवस्था को फैलने से हर हाल में रोका जाए। साथ ही पूरे इलाके में लगातार निगरानी बनाए रखने और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।
तदाशा मिश्रा ने कहा कि हजारीबाग में रामनवमी का आयोजन शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ होगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि शहर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और कंट्रोल रूम के जरिए पूरे शहर की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
डीजीपी के इस दौरे के बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता और बढ़ गई है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस बार रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है।