रांची/नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले निजी वाहन चालकों के लिए FASTag वार्षिक पास की कीमत बढ़ा दी गई है। National Highways Authority of India (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए FASTag वार्षिक पास शुल्क में संशोधन की घोषणा की है।
नई व्यवस्था के तहत अभी तक लागू 3,000 रुपये के वार्षिक पास शुल्क को बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दिया गया है। यह नई दर 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएगी।
NHAI के अनुसार यह संशोधन National Highways Fee (Determination of Rates and Collection) Rules, 2008 के प्रावधानों के तहत किया गया है। वर्तमान में देशभर में 56 लाख से अधिक वाहन मालिक FASTag वार्षिक पास का उपयोग कर रहे हैं, जिससे इसकी बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
यह संशोधित शुल्क केवल वैध FASTag वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगा। ऐसे वाहन राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर स्थित करीब 1,150 टोल प्लाजा पर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
FASTag वार्षिक पास लेने के बाद वाहन मालिकों को बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ती। यह पास एक साल की अवधि या 200 टोल प्लाजा पार करने तक (जो पहले पूरा हो) मान्य रहता है।
एकमुश्त भुगतान करने के बाद यह पास करीब दो घंटे के भीतर वाहन से जुड़े FASTag में सक्रिय हो जाता है। इसके लिए भुगतान Rajmarg Yatra ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है।
गौरतलब है कि FASTag वार्षिक पास योजना की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को की गई थी। इस योजना को देशभर के राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, क्योंकि इससे यात्रा अधिक सुविधाजनक, समय बचाने वाली और किफायती हो जाती है।