रांची: आय से अधिक संपत्ति मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में एसीबी ने ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को एक बार फिर पूछताछ के लिए तलब किया है। दोनों को सोमवार को एसीबी मुख्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले एसीबी ने बुधवार और गुरुवार को भी दोनों से कई घंटों तक पूछताछ की थी। हालांकि अधिकारियों के अनुसार कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के कारण एजेंसी ने दोबारा पूछताछ का फैसला लिया है।
बताया जा रहा है कि यह मामला जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे से जुड़ा हुआ है। इस मामले में उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह सहित अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ भी एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच के दौरान एसीबी को कई बेनामी और महंगी संपत्तियों की जानकारी मिली है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।